Rajeshwar Singh

प्रधानमंत्री की दृढ़ इच्छाशक्ति और सक्रियता से चार राज्यों में जीती भाजपा

April 10, 2022
By Dr. Rajeshwar Singh

भारतीय राजनीति में एक नए युग की शुरुआत करने वाले युगपुरुष हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का भारतीय राजनीति में कोई सानी नहीं है। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास हासिल करने के लिए वे हमेशा तत्पर रहते हैं। उनकी सबसे बड़ी विशेषता है उनकी दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति, निरंतर संघर्ष और संगठन की मजबूती देने की उनकी सोच। अपनी इसी अवधारणा के बल पर वे भारत ही नहीं, पूरी दुनिया में अपनी लोकप्रियता का परचम लहरा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत संघर्ष, संगठन मजबूत करने की सोच और राष्ट्रवादी विचारधारा का ही नतीजा है कि देश के चार राज्यों उत्तरप्रदेश, उत्ताखंड, मणिपुर और गोवा में भाजपा की सरकार बनी । इस बात को तो उनके विरोधी भी मानते हैं कि भारतीय इतिहास के वे पहले प्रधानमंत्री है जो राज्यों के लिए इतनी मेहनत करते हैं ।


पहले के प्रधानमंत्री आत्मकेंद्रित थे। नरेंद्र मोदी जी इसके इतर समाज केंद्रित, राष्ट्र केंद्रित हैं । राष्ट्र के व्यापकहित की बात हो तो वे किसी भी हद तक जा सकते हैं। विरोधी दलों को विभिन्न राज्यों में उनका चुनाव प्रचार नागवार लग सकता है लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की सोच स्पष्ट है कि संगठन मजबूत होगा तो पार्टी मजबूत होगी। पार्टी मजबूत होगी तभी प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री मजबूत होगा। देश और प्रदेश मजबूत होगा। वे जमीन से जुड़े नेता हैं। जड़ पर काम करते हैं।


मोदी जी भारत के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिनके द्वारा राज्यों की लगातार समीक्षा की जाती रही जिसके चलते ही राज्य सरकारों की जवाबदेही बढ़ी। हर योजना – चाहे वो केंद्र की हों या राज्य की वह जन – जन तक पहुंची तथा जनता सीधे तौर पर लाभान्वित हुई। प्रधानमंत्री जी द्वारा लगातार राज्यों का दौरा करने के कारण ही प्रशासनिक तंत्र, अधिकारियों से लेकर हर विभाग में सक्रियता दिखाई दी तथा उनकी जवाबदेही बनी रही जिसके चलते जमीनी स्तर पर कार्य संभव हो सके।


प्रधानमंत्री जी ने गरीबों व वंचितों के लिए जो कार्य किए उसकी तुलना भारत क्या किसी भी देश की सरकार से नहीं की जा सकती। कोरोना काल में जब दूसरे देशों की अर्थव्यवस्था पटरी से उतर गयी थी, लोग भूख और रोजगार से बेहाल थे तब भारत में 80 करोड़ लोगों को हर माह मुफ्त राशन दिया गया। ये संभव हो सका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की प्रबल इच्छाशक्ति के कारण।


मोदी जी और योगी जी ने 800 करोड़ से 5 लाख 27 हजार वर्ग फीट क्षेत्र का सौन्दर्यीकरण कराया। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण जन आस्था को मजबूती देने वाला है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने मथुरा के विकास के लिए 14169 करोड़ की योजनाएं देकर हिंदू जनमानस का दिल जीतने की कोशिश तो की ही है साथ ही 5000 करोड़ से बृज चौरासी कोस का विकास कार्य ,अन्त्योदय अन्न योजना उनके धार्मिक, नैतिक और सामाजिक सरोकारों की अभिव्यक्ति करते हैं।


गरीबों के प्रति प्रधानमंत्री जी की यह भावनात्मक सोच ही थी जिसमे केंद्र सरकार द्वारा अंत्योदय अन्न योजना की शुरुआत देश के गरीब परिवारों को लाभ पहुंचाने के लिए की गयी। इस योजना के अंतर्गत अंत्योदय राशन कार्ड धारकों को सरकार द्वारा प्रतिमाह 35 किलो राशन प्रदान किया जा रहा है। केंद्र सरकार ने इस योजना के अंतर्गत एक और फैसला लिया है कि देश के गरीब परिवारों के साथ साथ दिव्यांगों को भी इस योजना के अंतर्गत हर महीने 35 किलो अनाज जिसमे गेहूं 2 रुपये प्रति किलोग्राम और धान 3 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से प्रति परिवार को दिया जाता है।


भारत का किसान भगवान तुल्य होता है और अपनी कड़ी मेहनत से जो जनता का पेट भरता है उस किसान के सम्मान में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना चलाई गई जिसके तहत उत्तर प्रदेश में 2 करोड़ 53 लाख 98 हजार किसानों के खाते में 37 हजार 521 करोड़ रुपये दिए गए। उत्तर प्रदेश में कोरोना काल के समय से 15 करोड़ जनता को फ्री राशन दिया गया। उत्तर प्रदेश में 8 हजार 137 असहायों को घर पर राशन पहुंचाया गया। अब अगर हम उत्तर प्रदेश की बड़ी परियोजनाओं पर गौर करें तो पता चलता है कि केंद्र और प्रदेश सरकार अगर मिल-जुलकर काम करें तो विकास के धरातल पर चमत्कार हो सकता है।


उत्तर प्रदेश में 59 मेडिकल कॉलेज, 4 नए एक्सप्रेसवे, 5 अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट बनना मोदी जी और योगी जी की दृढ़ इच्छाशक्ति का ही परिचायक है। 5 शहरों में मेट्रो का संचालन हो रहा है और 5 शहरों में मेट्रो निर्माणाधीन है। उत्तर प्रदेश में सरयू कैनाल, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, ईज आॅफ डूईंग बिजनेस में उत्तर प्रदेश 14वें से अब दूसरे स्थान पर अगर पहुंच गया है तो यह डबल इंजन की सरकार के समवेत प्रयासों का ही नतीजा है।


आत्मनिर्भर भारत के शिल्पकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को पता है कि महिलाओं को उन्नति का अवसर दिए बगैर देश सही मायने में तरक्की नहीं कर सकता। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत उत्तर प्रदेश में 9 लाख 91 हजार से अधिक बालिकाएं लाभान्वित हुई हैं। अगर यह कहा जाए कि अपने आचार-व्यवहार और विचार की बदौलत प्रधानमंत्री पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत हैं तो कदाचित गलत नहीं होगा।